• Breaking News

    Sunday, 16 April 2017

    गुजरात में चुनावी बिगुल बजा, 40 दिन में पीएम मोदी का दूसरा दौरा, रूठे पाटीदारों को अब ऐसे मनाएंगे

    गुजरात में चुनावी बिगुल बजा, 40 दिन में पीएम मोदी का दूसरा दौरा, रूठे पाटीदारों को अब ऐसे मनाएंगेबीजेपी मिशन गुजरात में जुट गई है. बीते करीब 40 दिन में पीएम मोदी का गुजरात का यह दूसरा दौरा है. अपने इस दौरे पर पीएम पाटीदार समाज के लोगों को लुभाने की पूरी कोशिश में हैं. पीएम ने आज सूरत में पाटीदार समाज की बनाए गए मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन कर दिया है. इसके बाद वे पाटीदार समाज के ही डायमंड कारोबारी की फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे. यहीं पीएम पाटीदारों को संबोधित भी करेंगे. आरक्षण के मुद्दे पर बीते करीब दो साल से पाटीदार समाज नाराज़ है और उन्होंने कई बार आंदोलन भी किया है. (बीजेपी नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कड़ा संदेश, 'चुप रहने की कला सीखें )

    गौरतलब है कि पिछले दिनों पाटीदारों का आंदोलन गुजरात सरकार के लिए अच्छी खासी मुसीबत बना. आरोप लगते रहे हैं कि पाटीदार आंदोलन को गुजरात सरकार सही तरीके से संभाल नहीं पाई, जिसके चलते बात इतनी बढ़ी.

    दरअसल, रविवार शाम पीएम सूरत पहुंचे थे. जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक उनके रोड शो को देखने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हुई. कई डिस्को लाइट लगी थीं और करीब 10 हज़ार बाइकर भी इस रैली में शरीक हुए. पीएम मोदी SUV की sun-roof से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन करते रहे. यह पीएम मोदी का इस वर्ष उनके गृह राज्य का दूसरा दौरा है. उन्होंने इससे पहले आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देशभर से आई महिला सरपंचों को संबोधित करने के लिए गांधीनगर का दौरा किया था. (पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी की राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी में कहा, पिछड़े मुस्लिमों के लिए करें सम्मेलन)

    पीएम आज तापी के बीजापुर गांव जाकर सूरत ज़िला सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ के चारा संयंत्र और आइसक्रीम संयंत्र का उद्घाटन करेंगे. अधिकारियों के मुताबिक- पीएम मोदी एक सभा को संबोधित करेंगे.इसके साथ ही दादर नगर हवेली के सिलवासा में नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

    इसके बाद पीएम मोदी सौराष्ट्र के बोटाद जाएंगे जहां वह बोटाद और आसपास के जिलों के लिए साउनी परियोजना के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे. वह परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे. गत वर्ष अगस्त में मोदी ने महत्वाकांक्षी सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण सिंचाई (साउली) परियोजना के प्रथम चरण का जामनगर से उद्घाटन किया था. यह परियोजना चार चरणों में विभाजित है और इसके तहत गुजरात सरकार की योजना सौराष्ट्र क्षेत्र के 115 बांधों को नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध के अतिरिक्त पानी से भरने की है.

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel