• Breaking News

    Saturday, 15 April 2017

    पीएम नरेंद्र मोदी का सूरत में 11 किलोमीटर का रोडशो आज, दो दिन का गुजरात दौरा

    पीएम नरेंद्र मोदी का सूरत में 11 किलोमीटर का रोडशो आज, दो दिन का गुजरात दौराप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार की शाम में सूरत पहुंचने के बाद एक रोडशो करके गुजरात का अपना दो दिवसीय दौरा शुरू करेंगे. सूरत के कलेक्टर एमएस पटेल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी शाम छह बजकर 45 मिनट पर सूरत हवाई अड्डे पर उतरेंगे. वहां से वह रोडशो करेंगे जो कि हवाई अड्डे और सर्किट हाउस के बीच 11 किलोमीटर से कुछ अधिक फासले का होगा.’’ सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे और वहां रात में ठहरेंगे.

    पटेल ने कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री 400 करोड़ रुपये की लागत वाले किरण मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करेंगे जिसका निर्माण एक ट्रस्ट ने किया है. मोदी इसके बाद जिले के इच्छापुर गांव में हीरा बोर्से एसईजेड जाएंगे जहां वह हरि कृष्ण एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की हीरा पॉलिशिंग इकाई का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री वहां से तापी जिले के बीजापुर गांव जाएंगे जहां वह सूरत जिला सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ के मवेशी चारा संयंत्र और आइसक्रीम संयंत्र का उद्घाटन करेंगे. सूरत जिला सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ सुमुल डेयरी के नाम से लोकप्रिय है.

    मोदी इसके साथ ही नवा पारदी में डेयरी उत्पाद संयंत्रों के लिए रिमोट से आधारशिला रखेंगे. सुमुल डेयरी के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी वहां पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे. मोदी इसके बाद केंद्र शासित प्रदेश दादर एवं नगर हवेली स्थित सिलवासा जाएंगे जहां वह नई परियोजनाओं का उद्घाटन करने और लाभार्थियों को सहायता वितरित करने के अलावा एक सभा को भी संबोधित करेंगे. वहां पर केंद्र की विभिन्न योजनाओं के करीब 21000 लाभार्थियों को सहायता किट का वितरण किया जाएगा.

    इसके बाद मोदी सौराष्ट्र के बोटाद जाएंगे जहां वह बोटाद और आसपास के जिलों के लिए साउनी परियोजना के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे. वह परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे. गत वर्ष अगस्त में मोदी ने महत्वाकांक्षी सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण सिंचाई (साउली) परियोजना के प्रथम चरण का जामनगर से उद्घाटन किया था. यह परियोजना चार चरणों में विभाजित है और इसके तहत गुजरात सरकार की योजना सौराष्ट्र क्षेत्र के 115 बांधों को नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध के अतिरिक्त पानी से भरने की है.

    यह मोदी का इस वर्ष उनके गृह राज्य का दूसरा दौरा है. उन्होंने इससे पहले आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देशभर से आई महिला सरपंचों को संबोधित करने के लिए गांधीनगर का दौरा किया था.

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel